अमेठी। जिले के छात्रों के लिए एक नई पहल के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल शिक्षा मंच शुरू किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को मुफ्त डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक संसाधनों तक पहुंच मिल सकेगी।यह पहल मटियारी मानव सेवा संस्थान और जैपटिक ए आई के संयुक्त सहयोग से शुरू की गई है। कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थाओं के बीच समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए।कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म उन छात्रों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि एआई आधारित यह प्रणाली छात्रों को स्मार्ट और सरल तरीके से अध्ययन करने में मदद करेगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को अधिक प्रभावी बनाएगी।अधिकारियों के अनुसार यह मंच तीन प्रमुख क्षेत्रों—डिजिटल शिक्षण, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और सामुदायिक शिक्षा—पर केंद्रित रहेगा। छात्र ऐप डाउनलोड कर निर्धारित पासवर्ड के माध्यम से मुफ्त अध्ययन सामग्री का लाभ उठा सकेंगे।इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्रा मटियारी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक विकास का आधार है और तकनीक सीखने के अवसरों में मौजूद असमानताओं को दूर करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।अधिकारियों के मुताबिक यह सुविधा 21 जून से पूरे अमेठी जिले में लागू हो जाएगी और मोबाइल के प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगी। इस पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की तैयारी कर रहे हजारों छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।







Total Users : 1210548
Total views : 5516927