राजेश निगम की खास रिपोर्ट

कानपुर, ब्यूरो रिपोर्ट। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने फिल्म ‘रामायण’ में वाल्मीकि रामायण के तथ्यों को विकृत करने और रावण के महिमामंडन के प्रयास पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। सोमवार को जीएसवीएम सभागार में आयोजित ‘हितचिंतक अभियान’ समारोह में विहिप के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने फिल्म का सेंसर प्रमाण पत्र तत्काल निरस्त कर इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की।
समारोह का शुभारंभ पनकी हनुमान मंदिर के महंत जितेन्द्रदास महाराज ने श्रीरामजानकी दरबार के पूजन से किया। इस अवसर पर मिलिंद परांडे ने कहा कि फिल्म में अहिल्या उद्धार, निषादराज और केवट जैसे सामाजिक समरसता के प्रसंगों को गायब कर भगवान राम के चरित्र को हल्का दिखाया गया है, जो हिंदू जनमानस की भावनाओं पर सीधा आघात है।
उन्होंने बताया कि सनातन संस्कृति की रक्षा और संगठन विस्तार के लिए 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक देशव्यापी ‘हितचिंतक अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत घर-घर जाकर समाज को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र, प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना, डॉ. उमेश पालीवाल, राजू पोरवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*हिन्दी दैनिक सहारा जीवन न्यूज से राजेश निगम की खास रिपोर्ट*





Total Users : 1213851
Total views : 5522720