सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी जनपद के गौरीगंज क्षेत्र में बीती रात एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता की निजी गाड़ी पर दबंगों ने हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना उस समय हुई जब एआरटीओ अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग अभियान पर बाहर गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी में देर रात करीब एक बजे कुछ लोग उनके आवास के बाहर पहुंचे और खड़ी इनोवा कार पर ईंट-पत्थरों तथा डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। रात करीब दो बजे जब एआरटीओ अपने आवास लौटे तो उन्हें गाड़ी में हुई तोड़फोड़ की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने गौरीगंज कोतवाली पहुंचकर कई नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ दलाल कार्यालय परिसर में लोगों से जबरन फाइलें लेकर अवैध गतिविधियां कर रहे थे। सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उनका आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दबंगों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया।गौरीगंज कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि एआरटीओ की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928