
अमेठी। जनपद के मुंशीगंज थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क को उखाड़कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में गुरुवार सुबह 9 बजे दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई ठेकेदार सुरेंद्र प्रसाद मिश्र की तहरीर पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, मेसर्स एस कंस्ट्रक्शन को लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा शाहगढ़-हरदोया मार्ग के गुलाल का पुरवा सगरा से सरैया तक सड़क नवीनीकरण का कार्य मिला था। ठेकेदार का आरोप है कि कार्य शुरू होने के एक दिन बाद सरैया शाहगढ़ निवासी अंशुमान यादव और शाहगढ़ निवासी विकास साहू निर्माण स्थल पर पहुंचे और नई बिछाई गई सड़क की परत को उखाड़कर उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
ठेकेदार का कहना है कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त ग्रिट लगभग 140 डिग्री तापमान पर बिछाई जाती है और उसे पूरी तरह सेट होने में करीब पांच दिन का समय लगता है। ऐसे में निर्माण के अगले ही दिन सड़क को उखाड़ना तकनीकी रूप से गलत है और इससे सरकारी धन का नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर आपत्ति थी तो संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए थी, न कि सड़क को नुकसान पहुंचाकर वीडियो बनाना चाहिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पूरे प्रकरण में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928