जनपद अमेठी  में शूटिंग रेंज को मिली नई सौगात, डीएम ने सौंपे दो नए हथियार

SHARE:

बेहतर अभ्यास के लिए खिलाड़ियों को मिली एयर राइफल और एयर पिस्टल

सहारा जीवन न्यूज

अमेठी। जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में संचालित शूटिंग रेंज को दो नए हथियारों की सौगात मिली है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी संजय चौहान ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के बेहतर अभ्यास के लिए एक एयर राइफल, एक एयर पिस्टल एवं पांच डिब्बे पैलेट्स (छर्रे) शूटिंग कोच रुचि सिंह को सौंपे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, डिप्टी कलेक्टर नितेश राज सहित अन्य अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इसे जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिलाधिकारी संजय चौहान के प्रयासों से स्टेडियम परिसर में 25 मीटर और 10 मीटर की आधुनिक शूटिंग रेंज विकसित की गई है, जहां वर्तमान में 18 बच्चे नियमित रूप से निशानेबाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जबकि 27 बच्चों का पंजीकरण कराया जा चुका है। प्रशिक्षुओं को कोच रुचि सिंह द्वारा शूटिंग की तकनीक, एकाग्रता और अनुशासन संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नए हथियार उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को अभ्यास में अधिक सुविधा मिलेगी और उनकी तैयारी और बेहतर हो सकेगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शूटिंग खेल में युवाओं के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं एवं खेल प्रतियोगिताओं में शूटिंग कौशल का विशेष महत्व होता है। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment