दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, तीनों की मौत

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज

अमेठी। जिले के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवगंज गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।जानकारी के अनुसार, तीनों युवक गांव में आयोजित एक बरीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से वापस लौटते समय शिवगंज गांव के कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि करण पुत्र रमई और अंकित पुत्र हरीलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अर्जुन पुत्र नंदलाल को एंबुलेंस की मदद से सुलतानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों में पूरे दुबारा गांव निवासी करण पुत्र रमई तथा सुलतानपुर जनपद के घसीट का पुरवा, कोतवाली नगर निवासी राजकुमार के रिश्तेदार अंकित पुत्र हरीलाल और अर्जुन पुत्र नंदलाल शामिल हैं।घटना की सूचना मिलते ही मुंशीगंज पुलिस और स्थानीय चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के अनुसार हादसा करने वाला ट्रक काफी तेज रफ्तार में था और उसके पीछे एक अन्य ट्रक भी चल रहा था। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर रायबरेली की ओर फरार हो गया।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर हादसे में शामिल ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment