अशोक श्रीवास्तव अमेठी ll आगामी त्योहार होली को लेकर जनपद अमेठी में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से अमेठी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान चलाया जा रहा है।

एसपी सरवणन टी. के निर्देश पर जिले के सभी सर्किल ऑफिसर्स और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान मुख्य मार्गों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों और अंतरजनपदीय बॉर्डर पर केंद्रित रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

पिछले दो दिनों और रातों में चले इस व्यापक अभियान के दौरान अमेठी पुलिस ने कुल 1923 वाहनों की चेकिंग की। वहीं 3390 व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की बारीकी से जांच की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों और बिना वैध दस्तावेज के वाहन संचालन करने वालों पर विधिक कार्यवाही की गई। इस दौरान 05 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 06 संदिग्ध व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना है, ताकि त्योहारों के दौरान कोई भी अराजक तत्व माहौल खराब न कर सके। ऑपरेशन चक्रव्यूह के जरिए पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।

होली जैसे बड़े त्योहार के मद्देनजर प्रशासन की यह सक्रियता साफ संकेत दे रही है कि किसी भी तरह की लापरवाही या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कुल मिलाकर, अमेठी में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस का यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह की चेकिंग और गश्त जारी रहेगी।







Total Users : 1210550
Total views : 5516934