सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी। जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के अमेठी रोड स्थित वार्ड नंबर-17 पूरे बान सिंह में सोमवार देर शाम एक युवक की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अंकित कश्यप पुत्र कल्लू कश्यप के रूप में हुई है। परिजनों ने पड़ोसी परिवार पर घर के भीतर बंद कर धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार अंकित कश्यप का पड़ोस में रहने वाली श्वेता यादव से प्रेम संबंध था। वर्ष 2023 में दोनों ने घर छोड़ दिया था, जिसके बाद युवती के परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस द्वारा दोनों को बरामद किए जाने पर युवती के बालिग होने और उसके बयान के आधार पर मामला समाप्त हो गया। इसके बाद दोनों ने विवाह कर लिया और दिल्ली में रहने लगे। बताया जा रहा है कि अंकित अपनी पत्नी को दिल्ली में छोड़कर कुछ दिन पहले अमेठी स्थित अपने घर आया था।परिजनों का आरोप है कि इसी पुराने विवाद और अंतर्जातीय विवाह की रंजिश में पड़ोसी सुखई यादव और उसके परिवार के लोगों ने अंकित को अपने घर में बंद कर धारदार हथियार से हमला किया। आरोप है कि हमले के दौरान उसे गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल अंकित को जिला अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायबरेली एम्स रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार रास्ते में उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपी पक्ष के घर के बाहर भी तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही गौरीगंज कोतवाली सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे की है। प्रारंभिक जांच में पड़ोसी परिवार के साथ विवाद का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है







Total Users : 1210549
Total views : 5516928