सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशु मान सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी टेली मानस सेवा का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से लोगों को व्यापक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह 24×7 ऑन-डिमांड और पूर्णतः निःशुल्क सेवा है, जो टेलीफोन आधारित परामर्श, आपातकालीन सहायता तथा विशेषज्ञों से रेफरल की सुविधा प्रदान करती है। हाल ही में इसमें वीडियो परामर्श और ई-प्रिस्क्रिप्शन (इलेक्ट्रॉनिक पर्ची) की सुविधा भी जोड़ी गई है।
उन्होंने बताया कि टेली मानस देशभर में 20 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे विभिन्न सांस्कृतिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि के लोगों को उनकी भाषा में सहायता मिल सके। यह सेवा केवल मानसिक रोगों से पीड़ित व्यक्तियों के लिए ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में तनाव, चिंता और अन्य मनोवैज्ञानिक चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों के लिए भी उपयोगी है।
सीएमओ ने कहा कि पारिवारिक विवाद, दांपत्य जीवन में तनाव, आर्थिक समस्याएं, कार्यस्थल का दबाव, परीक्षा संबंधी तनाव, लगातार चिंता, नींद की समस्या, इंटरनेट और सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग, नशे की लत जैसी परिस्थितियां मानसिक तनाव का कारण बन सकती हैं। टेली मानस के प्रशिक्षित मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ ऐसे मामलों में परामर्श और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि अवसाद, एंग्जायटी, बार-बार अवांछित विचार आना, आत्मघाती विचार, व्यवहार में अचानक बदलाव, आक्रामकता, आत्म-देखभाल में कमी, भ्रम की स्थिति, अत्यधिक गतिविधि स्तर और अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों के मामलों में भी यह सेवा सहायता उपलब्ध कराती है। साथ ही बौद्धिक दिव्यांगता, ऑटिज्म, एडीएचडी और अन्य विकासात्मक एवं व्यवहार संबंधी समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के अभिभावकों को भी परामर्श दिया जाता है।
डॉ. अंशु मान सिंह ने बताया कि टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल करने पर व्यक्ति सीधे प्रशिक्षित काउंसलर से जुड़ सकता है। आवश्यकता पड़ने पर उसे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से जोड़ा जाता है। कॉलर की सहमति मिलने पर वीडियो कंसल्टेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ ई-प्रिस्क्रिप्शन जारी कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि टेली मानस ऐप भी निःशुल्क उपलब्ध है, जिसके माध्यम से स्मार्टफोन उपयोगकर्ता मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। ऐप 24 घंटे उपलब्ध टोल-फ्री सेवा से जुड़ा है और उपयोगकर्ताओं को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप व्यक्तिगत सहायता प्रदान करता है।
सीएमओ ने लोगों से अपील की कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और आवश्यकता पड़ने पर टेली मानस सेवा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और पूर्वाग्रह को कम करने के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928