अंबुबाची मेले में कामाख्या धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं और साधु-संतों का सैलाब, निःशुल्क भोजन की व्यापक व्यवस्था

SHARE:

Rajkumar Prasad 

असम। प्रदेश के नीलाचल पर्वत पर स्थित पवित्र कामाख्या मन्दिर में अंबुबाची महोत्सव के अवसर पर इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं, साधु-संतों और तांत्रिकों का विशाल समागम देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे तांत्रिक और साधक अपनी तंत्र-साधना एवं सिद्धि प्राप्ति के उद्देश्य से कामाख्या धाम में एकत्र हुए हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा नीलाचल पर्वत भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।

चार दिवसीय इस पावन उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए निःशुल्क भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर और आसपास के विभिन्न स्थानों पर अनेक भंडारों (अन्नक्षेत्रों) का संचालन किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग प्रसाद और भोजन ग्रहण कर रहे हैं। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन संबंधी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
माता मालोती गिरि ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अंबुबाची मेले के दौरान श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा के लिए विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं और धार्मिक संगठन भोजन वितरण सहित कई सेवा कार्य चला रहे हैं। उन्होंने कहा, “मां कामाख्या की कृपा से सभी भक्तों के लिए निःशुल्क भोजन और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।” अंबुबाची महोत्सव के अवसर पर पूरा कामाख्या धाम आध्यात्मिक और धार्मिक माहौल से सराबोर है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था की गई है।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment