सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी/प्रतापगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-931 (मुसाफिरखाना-प्रतापगढ़ मार्ग) पर चल रहे निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा के सक्रिय सदस्य एवं निर्विरोध सरपंच संजय सिंह ‘टिंकू’ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य कर रही संस्था द्वारा सड़क के एक हिस्से का कार्य पूरा किए बिना दूसरे हिस्से की खुदाई शुरू कर दी जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क पर उड़ने वाली धूल के कारण वाहन चालकों की दृश्यता कम हो जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
संजय सिंह ‘टिंकू’ ने बताया कि कई स्थानों पर एक तरफ वाहनों का आवागमन जारी रहता है जबकि दूसरी ओर गहरी खुदाई कर दी गई है। ऐसे में ओवरटेकिंग के दौरान गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मार्ग पर अब तक कई भीषण सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया जाए कि जिस हिस्से की खुदाई की जाए, उसका निर्माण पूरा कर यातायात के लिए चालू करने के बाद ही दूसरे हिस्से पर कार्य शुरू किया जाए। साथ ही धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक, डायवर्जन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संजय सिंह ‘टिंकू’ ने कहा कि यह जनहित और जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है तथा समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आगे भी बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928