अयोध्या में चढ़ावा चोरी महापाप, भ्रष्टाचार भाजपा का धर्म बन गया है : अखिलेश यादव

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज़

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में हुई कथित चोरी आस्था के साथ खिलवाड़ है और यह महापाप है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार भाजपा का धर्म बन गया है तथा अयोध्या में जमीनों के मामलों में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट हुई है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम के स्थान पर हुए कथित भ्रष्टाचार और चढ़ावा चोरी की सच्चाई सामने आने से देश और दुनिया में गलत संदेश गया है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा दिए गए चढ़ावे की जानकारी धीरे-धीरे सामने आ रही है और अभी कई अन्य तथ्य उजागर होने बाकी हैं।

चढ़ावा चोरी प्रकरण में एसआईटी गठन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में लोगों के विश्वास को ठेस पहुंची है। उन्होंने सवाल उठाया कि मंदिर में चोरी होती रही और वहां लगातार दौरा करने वाले लोग क्या कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कुछ समाचार चैनलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें आस्था और सनातन परंपरा से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्षता बरतनी चाहिए और सच्चाई को सामने लाना चाहिए।

लखनऊ के अलीगंज में हुई अग्निकांड की घटना पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण छात्रों और युवाओं की जान गई। यदि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूर्व की घटनाओं से कोई सबक नहीं ले सकी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान शुरू की गई डायल-100 व्यवस्था का उद्देश्य सभी आपातकालीन सेवाओं को एक मंच पर लाना था, ताकि लोगों को त्वरित सहायता मिल सके। उनका आरोप था कि वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को कमजोर कर दिया है।

पीड़ित परिवारों के लिए सहायता की मांग करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मृतकों के परिजनों को नौकरी दी जाए या कम से कम एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही घायलों का पूरा इलाज कराते हुए स्वस्थ होने तक उनके वेतन के बराबर आर्थिक सहायता दी जाए।

उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच हो, पीड़ितों को पूरी मदद मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।

लोकसभा चुनाव के बाद सांसदों के दल बदलने के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों को डराने और खरीदने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने चुनाव में संविधान बदलने की कथित साजिश को विफल किया था।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और युवाओं को रोजगार देने में सरकार विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment