वित्तविहीन प्रबंधक फाउंडेशन का 15वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न, शिक्षा के सशक्तिकरण पर हुआ मंथन

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज़

अमेठी। वित्तविहीन प्रबंधक फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर दुर्गापुर रोड स्थित नरेंद्र गार्डन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भी समारोह में सहभागिता कर फाउंडेशन परिवार को शुभकामनाएं दीं।अपने संबोधन में डॉ. संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा वित्तविहीन शिक्षण संस्थानों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ये संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं शिक्षण संस्थाओं को समाज का भविष्य निर्माता बताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा फाउंडेशन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वित्तविहीन विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय एवं प्रेरणादायी हैं, जो ग्रामीण एवं शहरी शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश भर से आए शिक्षाविदों, विद्यालय प्रबंधकों एवं पदाधिकारियों के साथ वित्तविहीन विद्यालयों की चुनौतियों और उनके सशक्तिकरण पर सार्थक चर्चा की।

समारोह में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने, वित्तविहीन विद्यालयों की समस्याओं के समाधान तथा संस्थागत सहयोग को बढ़ावा देने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर रश्मि सिंह, संजय तिवारी, अनिल कुमार सिंह, सरिता सिंह, राघवेंद्र ममता मिश्रा सुनील शुक्ला सहित अनेक शिक्षाविद्, विद्यालय प्रबंधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment