अमेठी। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत थाना जायस पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी तिलोई के नेतृत्व में थाना जायस पुलिस और स्वाट टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रानी हरवंशगंज मजरे मवई आलमपुर में हुई लूट की घटना में वांछित अभियुक्त गंगाराम पुरवा मोड़ से नसीराबाद की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इमरान पुत्र मोहम्मद मोजीब निवासी रानीगंज मजरे मवई आलमपुर, थाना जायस, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। वह 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी था।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लूट की एक पायजेब, एक मांगटीका तथा 800 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों दुर्गेश और अरमान के साथ मिलकर 2 जून 2026 को पड़ोसी के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों आरोपियों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बनाकर अलमारी से नकदी और जेवरात लूट लिए थे। पुलिस पहले ही इस मामले में दुर्गेश और अरमान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है तथा उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी सफलता बताया है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928