दिव्यांग शिक्षकों ने अंतरजनपदीय तबादले की मांग उठाई,एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

दिव्यांग शिक्षकों ने अंतरजनपदीय तबादले की मांग उठाई,एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,
अमेठी। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत दिव्यांग, असाध्य रोग से पीड़ित एवं दिव्यांग दंपति शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ ने आवाज बुलंद की है। संघ ने सोमवार को उप जिलाधिकारी अमेठी पंकज कुमार मिश्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर शासनादेश के अनुसार तत्काल स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की।संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता द्वारा 5 अक्टूबर 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि शासनादेश संख्या 68-5099/174/2026-5 दिनांक 4 जून 2026, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 तथा निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के 19 अगस्त 2026 के पत्र के अनुपालन में दिव्यांग शिक्षकों को अंतरजनपदीय स्थानांतरण की व्यवस्था प्रदान की गई है। इसके बावजूद अभी तक इस व्यवस्था का अपेक्षित अनुपालन नहीं हो सका है।
ज्ञापन में कहा गया कि पात्र दिव्यांग शिक्षकों द्वारा विभाग में स्थानांतरण के लिए आवेदन भी किया जा चुका है, लेकिन शासन स्तर से अभी तक सूची जारी नहीं की गई है। इससे संबंधित शिक्षकों में रोष व्याप्त है। संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शासनादेश के अनुरूप पात्र दिव्यांग, असाध्य रोगी एवं दिव्यांग दंपति शिक्षकों का अंतरजनपदीय स्थानांतरण तत्काल कराया जाए, ताकि उन्हें अपने परिवार एवं स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों के अनुरूप कार्यस्थल मिल सके।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 12 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री आवास पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने शासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर शिक्षकों की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment