मनोज मुंतशिर शुक्ला को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने पर अमेठी में खुशी की लहर

अमेठी। “पहचानेगी दुनिया हमको, ऐसे दिन भी आयेंगे, महकेंगे हम खुशबू बनके, नई हवाएं आने दो…” जैसी पंक्तियां लिखने वाले गीतकार मनोज मुंतशिर शुक्ला ने अपनी प्रतिभा से एक बार फिर अमेठी का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। फिल्म “मैदान” के गीत “जाने दो” के लिए उन्हें 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ गीतकार के सम्मान से नवाजा गया है।
मनोज मुंतशिर की इस उपलब्धि पर उनके मित्र एवं सहयोगी डॉ. प्रवीण सिंह दीपक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षण अमेठी के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए गर्व और आनंद का विषय है, जो मनोज की रचनात्मक यात्रा से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कभी कागज पर लिखी गईं वे पंक्तियां आज हकीकत बनकर सामने हैं। अमेठी की मिट्टी से राष्ट्रीय मंच तक मनोज मुंतशिर शुक्ला की यह यात्रा केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं।
डॉ. प्रवीण सिंह दीपक ने कहा कि मनोज मुंतशिर ने अपनी लेखनी और प्रतिभा के दम पर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित होना उनकी निरंतर साधना, रचनात्मकता और संघर्ष का परिणाम है।
उन्होंने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मनोज मुंतशिर शुक्ला को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को भी अपने सपनों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती रहेगी।






Total Users : 1211837
Total views : 5518764