अशोक श्रीवास्तव अमेठी ll 31 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास के दृष्टिगत शिवभक्तों का जमावड़ा महाकाल को जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों पर होगा। इनकी सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपी अमेठी द्वारा मुकुटनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने शिवलिंग पर जलाभिषेक भी किया l कावड़ यात्रा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए उन्होंने मातहतों को सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी द्वारा मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, ड्यूटी प्वाइंट तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया । उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
इसके बाद एसपी ने मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए । साथ ही उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, आपातकालीन सहायता एवं संदिग्ध व्यक्तियों/वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी लोगों से सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से दर्शन एवं जलाभिषेक करने की अपील की तथा जनपदवासियों को श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।








Total Users : 1210549
Total views : 5516928