सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने जातीय टिप्पणियों व उत्पीड़न के मामलों पर सौंपा ज्ञापन

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज़
अमेठी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की जिला इकाई ने विभिन्न सामाजिक वर्गों के खिलाफ कथित जातिसूचक टिप्पणियों, उत्पीड़न तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष सतीश कुमार मिश्रा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसकी जाति के आधार पर अपमानित करना, सामाजिक रूप से प्रताड़ित करना तथा सोशल मीडिया पर जातिसूचक और आपत्ति जनक भाषा का प्रयोग करना संविधान की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में कमजोर एवं वंचित वर्गों को धमकाने, उनकी जमीनों पर अवैध कब्जा करने तथा राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में राजनीतिक पहचान या दबाव से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग की कि जातिसूचक एवं अपमानजनक टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गरीब, कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्पीड़न तथा अवैध कब्जों के मामलों में त्वरित कार्रवाई हो। सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाली भाषा का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध साइबर कानून के तहत कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक शिकायत की राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही पिछड़े, अति पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्गों की सुरक्षा और उनके संवैधानिक अधिकारों की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की गई। पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूरे प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेकर संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष आनंद शुक्ला, जितेंद्र मिश्रा, उमेश उपाध्याय, रामशंकर सोनी, प्रदीप मौर्य, अंकुर मिश्रा, दुर्गेश,शिवम शुक्ला, रविंद्र कोरी, संतोष सिंह, ऋषभ सिंह,अजय शर्मा, शिव कुमार शर्मा, लाल बहादुर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment