अयोध्या में बनेगा देश का सबसे बड़ा रामायण वैक्स म्यूजियम, वर्तमान में करीब 100 मोम प्रतिमाएं प्रदर्शित

SHARE:

अयोध्या। सुनील्स रामायण वैक्स म्यूजियम के संस्थापक एवं प्रसिद्ध वैक्स शिल्पकार सुनील कंडल्लूर ने बताया कि अयोध्या स्थित रामायण वैक्स म्यूजियम उनकी एक स्वप्न परियोजना है। इस संग्रहालय का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, जिसे उन्होंने अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया।

उन्होंने बताया कि सुनील्स वैक्स म्यूजियम की शुरुआत वर्ष 2005 में तमिलनाडु के कन्याकुमारी में हुई थी, जहां स्वतंत्रता सेनानियों और विभिन्न प्रसिद्ध हस्तियों की वास्तविक आकार की मोम प्रतिमाएं प्रदर्शित की गईं। वर्ष 2010 में महाराष्ट्र के लोनावला में दूसरी शाखा स्थापित की गई, जहां वर्तमान में करीब 100 मोम प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं। इसके बाद केरल के तिरुवनंतपुरम में श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के निकट एक अन्य वैक्स म्यूजियम की स्थापना की गई।
सुनील कंडल्लूर ने बताया कि अयोध्या के रामायण वैक्स म्यूजियम में कुल 200 प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना है। वर्तमान में यहां लगभग 40 प्रतिमाएं प्रदर्शित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा।
सुनील कंडल्लूर वर्ष 2001 से वैक्स मॉडलिंग के क्षेत्र में कार्यरत हैं। स्व-शिक्षित कलाकार के रूप में उन्होंने भारत में वैक्स मॉडलिंग को नई पहचान दिलाई और देश का पहला वैक्स म्यूजियम स्थापित करने का श्रेय प्राप्त किया। अब तक वह 400 से अधिक मोम प्रतिमाओं का निर्माण कर चुके हैं, जो उनकी कला, सृजनशीलता और समर्पण का परिचायक है।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment