पीएम स्वनिधि योजना के 6 वर्ष पूर्ण होने पर अमेठी में स्वनिधि महोत्सव का हुआ आयोजन।

SHARE:

अमेठी। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफलतापूर्वक छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में भव्य एवं गरिमामय स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं परियोजना निदेशक डूडा अमृता सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। महोत्सव का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को योजना की मुख्यधारा से जोड़ना, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम आत्मनिर्भरता, वित्तीय समावेशन एवं डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शहरी पथ विक्रेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही डिजिटल लेन-देन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पथ विक्रेताओं तथा विभागीय कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अमेठी की अध्यक्षा अंजू कसौधन, नगर पंचायत मुसाफिरखाना के अध्यक्ष बृजेश अग्रहरि, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/परियोजना निदेशक डूडा अमृता सिंह, उपजिलाधिकारी गौरीगंज एवं परियोजना अधिकारी डूडा प्रीति तिवारी, सभासदगण तथा डूडा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, नगर निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। उपस्थित वक्ताओं ने पीएम स्वनिधि योजना को पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment