भदोही के परगासपुर में डीएम शैलेष कुमार का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर लेखपाल को फटकार, अवैध खुदाई की जांच के निर्देश

SHARE:

ग्राम पंचायत परगासपुर में जिलाधिकारी का निरीक्षण, जमीनी विवाद एवं जल जीवन मिशन कार्यों पर जताई नाराजगी

जल जीवन मिशन कार्यों में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी सख्त, श्रमिक बढ़ाकर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश

जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना डीएम ने, पेयजल कनेक्शन व पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश

भदोही, जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आज ग्राम पंचायत परगासपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जमीनी विवाद से संबंधित मामलों तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत के विभिन्न स्थानों पर मिट्टी की खुदाई किए जाने की स्थिति देखी। इस पर उन्होंने संबंधित लेखपाल को मौके पर ही निर्देशित किया कि मामले की तत्काल जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध गतिविधि पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के समय लेखपाल द्वारा अपेक्षित जानकारी एवं कार्यों के प्रति लापरवाही बरते जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान ग्रामवासी सोना देवी ने जिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उन्हें पेयजल, आवास एवं रहने की समुचित व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले की तत्काल जांच कर पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लाभार्थी को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन पानी की टंकी एवं संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर केवल दो श्रमिक कार्य करते हुए पाए गए, जिस पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र एवं राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना लक्ष्य है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अभी तक केवल लगभग आधे घरों में ही पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि शेष सभी पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा समयबद्ध रूप से मिल सके।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि यदि कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य में लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी पाई जाती है तो उसके विरुद्ध शासन को रिपोर्ट भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने ग्राम पंचायत परगासपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं आर.आर.सी. सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि केंद्र का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ समयबद्ध एवं सुचारु रूप से प्राप्त हो सके।  जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।  इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जल निगम, तहसीलदार भदोही अजय कुमार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment