बड़े मंगलवार पर करौंदी गांव में उमड़ा आस्था का सैलाब, विशाल भंडारा और भजन संध्या में जुटे हजारों श्रद्धालु

SHARE:

अमेठी। संग्रामपुर ब्लॉक के करौंदी गांव में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांव में आयोजित विशाल भंडारा एवं भजन संध्या कार्यक्रम में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक माहौल का आनंद लिया।
कार्यक्रम का आयोजन बाबा नीम करौली महाराज के अनन्य भक्त सुधीर कुमार श्रीवास्तव द्वारा बाबा की स्मृति में कराया गया। दोपहर से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया और शाम तक प्रसाद वितरण का सिलसिला लगातार चलता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुधीर कुमार श्रीवास्तव के सुपुत्र एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी सागर श्रीवास्तव द्वारा बाबा नीम करौली महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भोग लगाने के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
शाम को आयोजित भजन संध्या में वाराणसी से आए प्रसिद्ध भजन गायक सोनू सुगम ने अपने भक्ति गीतों से ऐसा समा बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। कार्यक्रम स्थल जयकारों और भजनों से गूंजता रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि बड़े मंगलवार के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का संचार किया और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया।
Ashok Srivastav
Author: Ashok Srivastav

Leave a Comment