सहारा जीवन न्यूज

अमेठी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एडवोकेट राजेश मिश्रा के नेतृत्व में नागरिकों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि रोस्टर के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 16 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जाता है, लेकिन कई गांवों में लोगों को मात्र 2 से 3 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लगातार हो रही कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासकर रात में बिजली न रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समय धान की रोपाई का कार्य चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बिजली न मिलने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पर्याप्त आपूर्ति न होने के बावजूद उपभोक्ताओं से पूरा बिजली बिल वसूला जा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली दी जाए, अघोषित कटौती पर रोक लगे और किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान एडवोकेट राजेश मिश्रा के साथ विकास शुक्ला, आशीष मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, ऋषभ शुक्ला, राजकुमार मौर्य, सुदीप श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद रहे।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928