सहारा जीवन न्यूज
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के कुलपति पद पर एक बार फिर प्रो. जेपी पाण्डेय को कार्यभार सौंपा गया है। राजभवन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, वह नियुक्ति की तिथि से आगामी तीन वर्षों तक कुलपति के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने इस संबंध में आदेश जारी किया।प्रो. जेपी पाण्डेय ने अपने पहले कार्यकाल में विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने पहली बार NAAC से A+ ग्रेडिंग हासिल की। शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, नवाचार और तकनीकी शिक्षा को समाजोन्मुखी बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए।उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय में एआई, एमएल, वीएलएसआई जैसी नई तकनीकी शाखाओं में बीटेक पाठ्यक्रम शुरू हुए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत मेजर के साथ माइनर डिग्री, स्पेस और क्वांटम टेक्नोलॉजी में पाठ्यक्रम, स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इनोवेशन हब और 100 करोड़ की इनोवेशन निधि जैसी पहलें भी शुरू की गईं।छात्रों के कौशल विकास, प्लेसमेंट और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम, वन डिस्ट्रिक्ट वन इन्क्यूबेशन सेंटर, स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड और फैकल्टी स्टार्टअप पॉलिसी लागू की गई। साथ ही इंफोसिस मेकर्स लैब, एआईसीटीई आइडिया लैब और कलाम पेटेंट सेंटर जैसी सुविधाएं स्थापित की गईं।पुनः कुलपति पद संभालने पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर प्रो. जेपी पाण्डेय ने कहा कि अगले तीन वर्षों में विश्वविद्यालय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।







Total Users : 1210548
Total views : 5516927