अशोक श्रीवास्तव अमेठी ll अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के जेहटा उसरहा गांव की सुनीता पत्नी शिव सरन ने 5 अप्रैल को थाने में तहरीर दी कि उसकी 11 साल की बेटी सुबह 9 बजे साइकिल लेकर निकली थी लेकिन अभी तक घर नहीं लौटी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा विभिन्न बाजारों, चौराहों के सीसीटीवी कैमरों को चेक करते हुए क्षेत्र के जंगल व सुनसान जगह पर ड्रोन कैमरा के द्वारा तलाश की गई, विभिन्न बाजारों सेमरौता, हैदरगढ़, इन्हौना आदि में पंपलेट चस्पा किया गया, टेंपो टैक्सी एवं दुकानदारों से गुमशुदा की फोटो दिखाकर तलाश करने का प्रयास किया गया तथा सोशल मीडिया पर उक्त गुमशुदा की फोटो एवं विवरण अंकित कर प्रचार-प्रसार कराया गया था । जिसके फलस्वरूप जनपद बाराबंकी में सोशल मीडिया के द्वारा प्राप्त फोटो से मिलान कर पहचान करते हुये जय सिंह वर्मा ग्राम प्रधान बहादुरपुर थाना जहांगीराबाद जनपद बाराबंकी द्वारा पीआरवी 112 पर सूचना दी गई थी ।

सूचना पर पीआरवी द्वारा मौके पर पहुंचकर उक्त बालिका को सुरक्षित महिला थाना टीम के सुपुर्द किया गया । जनपद बाराबंकी से सूचना प्राप्त होने पर थाना शिवरतनगंज पुलिस द्वारा गुमशुदा को सकुशल बरामद किया गया । बालिका की बरामदगी में ग्राम प्रधान जय सिंह वर्मा, अभय वर्मा एवं आशीष यादव का सहयोग सराहनीय रहा ।
सूचना देकर बालिका को सकुशल बरामद कराने में सहयोग कराने वाले ग्राम प्रधान को पुलिस अधीक्षक अमेठी द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय अमेठी में सम्मानित किया गया ।बालिका के परिजनों द्वारा अमेठी पुलिस को धन्यवाद दिया गया ।





