अमेठी। गंगा इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिकोत्सव के साथ श्री ठाकुर राय मिशन द्वारा पथ प्रदर्शक सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अमेठी से जुड़े उन प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को सम्मानित करना था, जो अपनी प्रतिभा के बल पर देश-विदेश में क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमेठी नरेश महाराज डॉ. संजय सिंह रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्रों द्वारा रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी सभी उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण आया, जब मुख्य अतिथि द्वारा अमेठी के तीन प्रतिष्ठित शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया l

डॉ. वेद प्रकाश आर्य (पूर्व प्राचार्य, श्री हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर), जिन्हें वर्ष 2016 में राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है, को डॉ. सतीश राय लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया।

श्री शिवभूषण उपाध्याय (प्रवक्ता, श्री असल देव इंटरमीडिएट कॉलेज, पीपरपुर) को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

श्री अजय कुमार श्रीवास्तव (प्रवक्ता, केंद्रीय विद्यालय कानपुर), जो सीबीएसई बोर्ड के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं, को उनके शिक्षा एवं समाज के प्रति योगदान हेतु श्री ठाकुर राय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. संजय सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि गंगा इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक स्व. डॉ. सतीश राय एक कर्मठ, योग्य एवं विद्वान प्रोफेसर थे। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय माँ गंगा की भांति निरंतर प्रगति करता रहे और नई ऊँचाइयों को प्राप्त करे। उन्होंने विद्यालय परिवार को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद भी दिया।
इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा नर्सरी में रितिका (प्रथम), शिव कुमार (द्वितीय), साक्षी (तृतीय);
एलकेजी में गुलाम अफान (प्रथम), अर्थ गुल (द्वितीय), अर्श खान (तृतीय);
यूकेजी में अमायरा (प्रथम), रिद्धि (द्वितीय), अयांश अग्रहरि (तृतीय);
कक्षा 1 में अबान (प्रथम), अरकान (द्वितीय), मरियम (तृतीय);
कक्षा 2 में शायदा (प्रथम), तमन्ना (द्वितीय), मेनाज (तृतीय);
कक्षा 3 में मोहम्मद जोहैब (प्रथम), अलाइना (द्वितीय), आस्था अग्रहरि (तृतीय);
कक्षा 4 में आरव (प्रथम), शिवोहम राय (द्वितीय), फुरकान (तृतीय);
कक्षा 5 में आलमीन (प्रथम), फरहाद (द्वितीय), जीशान (तृतीय);
कक्षा 6 में ओम (प्रथम), सानिया (द्वितीय), अपशा (तृतीय);
कक्षा 7 में हमजा (प्रथम), फाकिरा (द्वितीय), सोनाक्षी (तृतीय);
कक्षा 8 में मुनफ (प्रथम), शिवान्या राय (द्वितीय), शिवम कुमार (तृतीय) स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम की सभी उपस्थित जनों ने भव्य आयोजन की सराहना करते हुए विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शरदेन्दु राय की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें कुशल एवं प्रेरणादायक नेतृत्वकर्ता बताया।
अंत में प्रधानाचार्य डॉ. शरदेन्दु राय ने सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि नए सत्र की कक्षाएं सोमवार, 6 अप्रैल से प्रारंभ होंगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन एवं संस्कार पर विशेष ध्यान दिया जाता है तथा छात्र-केंद्रित शिक्षा पद्धति के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी आवश्यकता अनुसार शिक्षा प्रदान की जाती है।






