अशोक श्रीवास्तव अमेठी ll अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कंशापुर गांव निवासी शारदा प्रसाद चौरसिया ने थाना संग्रामपुर में दी गई तहरीर में बताया कि 27 फरवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे उनकी बेटी गुड़िया (लगभग 16 वर्ष) और बेटा प्रांजे (लगभग 12 वर्ष) साइकिल से बगिया चौराहा स्थित दूध डेयरी से दूध लेने जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही दोनों बच्चे सड़क पार कर रहे थे, उसी समय बड़गांव की ओर से आ रही काले रंग की अज्ञात चार पहिया वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोरी साइकिल सहित वाहन में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान द्वारा घायल किशोरी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल गौरीगंज रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि घटना की तहरीर देने के बाद भी अभी तक पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928