अशोक श्रीवास्तव अमेठी ll अमेठी में दिनदहाड़े रंगदारी को लेकर हवाई फायरिंग से हड़कंप मच गया। मामला भेंटुआ चौराहे के पास स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निर्माण स्थल का है, जहां एक युवक ने कथित रूप से ₹10 हजार की रंगदारी न मिलने पर तमंचे से तीन हवाई फायर कर दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, भेंटुआ चौराहे पर स्थित कस्तूरबा विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य के ठेकेदार प्रदीप सिंह पास ही एक चाय की दुकान पर बैठे थे तभी गौरी मिश्र का पुरवा निवासी संदीपन मिश्रा वहां पहुंचा।
आरोप है कि संदीपन मिश्रा ने निर्माण कार्य के एवज में ₹10 हजार की रंगदारी की मांग की। जब ठेकेदार ने रकम देने से इंकार कर दिया तो आरोपी ठेकेदार को जान से मारने की धमकी देते हुए चला गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर बाद आरोपी अपने घर से देशी तमंचा लेकर लौटा और चाय की दुकान के पास ठेकेदार को डराने के इरादे से तीन हवाई फायर कर दिए।
फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928