रिपोर्ट: रत्नेश उपाध्याय, अम्बेडकरनगर
अम्बेडकरनगर। टांडा कोतवाली क्षेत्र के महादेव घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब पांच युवक सरयू नदी में नहाने के दौरान डूब गए। हादसे में दो युवकों को नाविकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक का शव बरामद हुआ है और दो अन्य अब भी लापता हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांचों युवक महादेव घाट पर नहाने के लिए नदी में उतरे थे, लेकिन तेज बहाव के चलते तीन युवक अचानक गहराई में चले गए और डूबने लगे। नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिनमें से एक की हालत नाजुक है लेकिन सांसें चल रही हैं।
नाविकों द्वारा रेस्क्यू के दौरान एक युवक का शव भी बरामद किया गया है। वहीं, लापता दो युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। डूबने वाले युवकों में टांडा कश्मीरिया मोहल्ला निवासी अजय और विजय दो सगे भाई बताए जा रहे हैं, जो अब भी लापता हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही टांडा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। वहीं, टांडा के एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य की निगरानी की। स्थानीय प्रशासन व गोताखोरों की टीम लापता युवकों की तलाश में जुटी है।
घटनास्थल पर परिजनों की भीड़ जमा है, और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक लापता युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका था।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212329
Total views : 5520478