महोबा l
पनवाड़ी विकासखंड के किलहोवा गांव में बड़ी माता वाली सड़क पर जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। इस मार्ग से न केवल श्रद्धालु बड़ी माता को जल चढ़ाने जाते हैं, बल्कि इसी रास्ते से इस्लाम धर्म के लोग श्मशान घाट भी जाते हैं। लेकिन सड़क पर लगातार जमा पानी के कारण सभी को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे स्कूल जाने के लिए इसी रास्ते से निकलते हैं लेकिन कीचड़ और गड्ढों की वजह से वे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। इससे कई बार चोट भी लग चुकी है और कुछ बच्चों के अभिभावकों ने उन्हें अस्थायी रूप से स्कूल भेजना बंद कर दिया है।खेतों पर जाने वाले किसानों को भी काफी परेशानी होती है। उन्हें जलभराव से बचने के लिए रास्ते में पड़े पत्थरों पर लात रखकर चलना पड़ता है, जो बेहद खतरनाक और असुविधाजनक है। ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मी वर्षों से इस रास्ते पर सफाई करने नहीं आता। लगभग 6 वर्षों से यह समस्या जस की तस बनी हुई है, लेकिन अभी तक किसी भी जिम्मेदार विभाग ने इसका स्थायी समाधान नहीं किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इस रास्ते की मरम्मत कराई जाए और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए ताकि धार्मिक, सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियाँ बाधित न हों।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212321
Total views : 5520469