रिपोर्ट: अभिनय सिंह
महोबा,उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव, आई.टी. एवं इलेक्ट्रॉनिक्स तथा नोडल अधिकारी श्री राहुल सिंह ने दो दिवसीय दौरे के तहत जनपद महोबा के पनवाड़ी और कबरई विकासखंडों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया और निर्माणाधीन 200 शैय्या चिकित्सालय व ट्रॉमा सेंटर का जायजा लिया। 23 मई को पनवाड़ी ब्लॉक की ग्राम पंचायत अण्डवारा में सलइया-नधुपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत बन रहे गृह संयोजनों का निरीक्षण किया गया। विशेष सचिव ने ग्रामीणों के घरों में जाकर जलापूर्ति की स्थिति, गुणवत्ता, रोस्टर और उपयोग के बारे में जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें नियमित व पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल मिल रहा है। इसके बाद उन्होंने गौ आश्रय स्थल सूपा का निरीक्षण किया, जहाँ चारा, पानी, टीन शेड और गोबर उत्पादों की व्यवस्था देखी। संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।
24 मई को कबरई ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुम्हडौरामाफ में कबरई ग्राम समूह पेयजल योजना का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव ने पाया कि अधिकतर क्षेत्रों में जलापूर्ति संतोषजनक है, लेकिन ऊंचाई वाले कुछ हिस्सों में पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में श्री सिंह ने निर्माणाधीन 200 शैय्या चिकित्सालय एवं ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और पीने के पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी हरेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोईनुल इस्लाम, जल निगम के अधिशासी अभियंता सन्देश सिंह तोमर, संबंधित ग्राम प्रधान, वी.डब्ल्यू.एस.सी. सदस्य, टी.पी.आई., जे.एम.सी., एन.के. गुप्ता जेवी के प्रोजेक्ट मैनेजर व अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212329
Total views : 5520478