वाराणसी,
21 मई 2025 भारतीय रेलवे के स्वच्छता मिशन को नई रफ्तार देते हुए बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) ने एक अनूठी पहल की है। महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में बरेका ने मालवाहक इंजनों में वॉटरलेस यूरिनल की सुविधा सफलतापूर्वक शुरू कर दी है, जो स्वच्छ भारत मिशन और ग्रीन रेल अभियान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत, बरेका ने 37 डब्ल्यूएजी-9 मालवाहक लोको और 2 यात्री डब्ल्यूएपी-7 लोको में वॉटरलेस यूरिनल, CO2 सिलेंडर की नई पहुंच प्रणाली और हैंड ब्रेक की उन्नत व्यवस्था को लागू किया है।
मुख्य विशेषताएं: लोको के केबिन में 180 मिमी गहराई की विशेष रूप से डिज़ाइन की गई जगह में यूरिनल लगाया गया है, जिससे चालक दल को सुविधा मिले और इंजन की संरचना पर असर न पड़े। वॉटरलेस सिस्टम जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल भी है। लोको संख्या 43929 (निर्माण शेल संख्या 136) इस नवाचार का पहला उदाहरण बना है जिसमें यह सभी नई सुविधाएं दी गई हैं। बरेका का यह प्रयास रेल कर्मचारियों की कार्यस्थल पर स्वच्छता सुनिश्चित करेगा और आने वाले समय में भारतीय रेलवे के अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा बनेगा। यह पहल आधुनिक इंजीनियरिंग, पर्यावरण जागरूकता और कर्मचारी कल्याण का बेहतरीन संगम है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper






Total Users : 1212329
Total views : 5520478