ट्रक में घुसी आर्टिका 4 टेनिस खिलाड़ियों की मौत
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धनपतगंज थाना क्षेत्र के सुखबड़ेरी के पास करीब साढ़े पांच बजे हुआ। तेज रफ्तार अर्टिगा आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
बताया गया कि अर्टिगा में छह टेनिस खिलाड़ी सवार थे। सभी लखनऊ में खेलकर देवरिया लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार, थानाध्यक्ष बल्दीराय महेंद्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष धनपतगंज अंजू मिश्रा और यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन खिलाड़ियों को बेहतर उपचार के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और भागलपुर निवासी अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं।
टक्कर के बाद खुली नींद, सामने का मंजर देख उड़ गए होश
घायल खिलाड़ी जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी लोग लखनऊ में खेलकर देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान कार में सवार सभी लोग सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर हुई तो उनकी नींद खुल गई। आंख खुलते ही सामने का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कार ट्रक में बुरी तरह घुसी थी और साथी खिलाड़ी खून से लथपथ थे। राहगीरों और सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद अज्ञात ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे पर उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से ट्रक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।






Total Users : 1212318
Total views : 5520464