सहारा जीवन न्यूज़
एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का भ्रमण

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल शर्मा ने रेलवे की विकास योजनाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुविधाओं की दी जानकारी
गुवाहाटी, असम। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (PIB), लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश के पत्रकारों के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र के भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण के दौरान पत्रकारों को पूर्वोत्तर के विकास, आधारभूत संरचना तथा विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति से रूबरू कराया गया। इसी क्रम में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल शर्मा ने रेलवे की विकास योजनाओं, यात्री सुविधाओं और पूर्वोत्तर के दूरदराज तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कपिंजल शर्मा ने बताया कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का कार्यक्षेत्र भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। रेलवे द्वारा सुदूरवर्ती क्षेत्रों तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे इलाकों तक रेल संपर्क और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रेलवे का उद्देश्य केवल यात्रियों को आवागमन की सुविधा देना नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर के आर्थिक विकास, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी को भी मजबूत करना है। इसके लिए रेल नेटवर्क के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास, नई परियोजनाओं तथा यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।पत्रकारों को रेलवे की ओर से पूर्वोत्तर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं, रेल नेटवर्क के विस्तार और यात्रियों के लिए उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। संवाद के दौरान पत्रकारों ने रेलवे से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत आयोजित यह भ्रमण कार्यक्रम उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के बीच आपसी समझ, संवाद और सांस्कृतिक एवं विकासात्मक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
कार्यक्रम के दौरान कपिंजल शर्मा ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की भूमिका को रेखांकित करते हुए बताया कि दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्रों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में रेलवे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पत्रकारों ने भी पूर्वोत्तर में हो रहे विकास कार्यों को करीब से समझने और जमीनी स्तर पर उनकी जानकारी प्राप्त करने में रुचि दिखाई।







Total Users : 1211756
Total views : 5518630