सहारा जीवन न्यूज़
माँ कामाख्या के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, पत्रकारों ने किए पावन दर्शन
गुवाहाटी, असम। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (PIB), लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश के पत्रकारों के लिए आयोजित पूर्वोत्तर क्षेत्र के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने नीलाचल पर्वत पर स्थित प्रसिद्ध माँ कामाख्या शक्तिपीठ के पावन दर्शन किए। माँ के दरबार में पहुंचकर पत्रकारों ने पूजा-अर्चना की और देश, समाज एवं अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।कामाख्या शक्तिपीठ को हिंदू धर्म के प्राचीन 51 शक्तिपीठों में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। नीलाचल पर्वत पर स्थित यह पवित्र धाम श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से जुड़ी पौराणिक मान्यता के अनुसार माता सती के शरीर का योनि अंग यहां गिरा था, जिसके कारण यहां देवी की विशेष रूप से शक्ति स्वरूप में आराधना की जाती है।
“कामाख्ये वरदे देवि नीलपर्वतवासिनि।
त्वं देवि जगतां मातर्योनिमुद्रे नमोऽस्तु ते॥”
दर्शन के दौरान सौभाग्य कुंड में एक श्रद्धालु कुंड में डुबकी लगाकर ध्यानमग्न दिखाई दिया। वहीं, माँ कामाख्या के दरबार में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्त हाथ जोड़कर और माँ का जयकारा लगाते हुए अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति तथा सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगते नजर आए। इस आध्यात्मिक वातावरण में उत्तर प्रदेश से आए पत्रकारों ने भी स्वयं को बेहद भाग्यशाली महसूस किया। पत्रकारों ने माँ कामाख्या के चरणों में शीश नवाकर निरंतर कृपा, आशीर्वाद और जनसेवा के लिए शक्ति प्रदान करने की कामना की।
दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का ऐसा वातावरण नजर आया, जिसने पूरे भ्रमण को पत्रकारों के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बना दिया।







Total Users : 1211752
Total views : 5518625