आम यात्रियों के बीच बस में सफर करते दिखे मंत्री ओम प्रकाश राजभर, महिलाओं से पूछी योजनाओं की जमीनी हकीकत

SHARE:

आम यात्रियों के बीच बस में सफर करते दिखे मंत्री ओम प्रकाश राजभर, महिलाओं से पूछी योजनाओं की जमीनी हकीकत

रत्नेश उपाध्याय
सहारा जीवन न्यूज
अम्बेडकरनगर। सरकारी योजनाओं का लाभ धरातल पर पात्र लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी हकीकत जानने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को अनोखा तरीका अपनाया। मंत्री राजभर शुक्रवार को करीब 11 बजे रोडवेज बस में आम यात्रियों के बीच बैठकर अम्बेडकरनगर से करीब 47 किलोमीटर दूर अतरौलिया तक सफर करते नजर आए। मंत्री को अचानक आम यात्रियों के बीच बस में देखकर लोग भी हैरान रह गए।दरअसल, रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी अहिल्याबाई होलकर मातृशक्ति यात्रा योजना की जमीनी स्थिति परखने के लिए मंत्री ने खुद बस में सफर करने का फैसला किया। यात्रा के दौरान उन्होंने बस में मौजूद महिला यात्रियों से सीधे संवाद किया और योजना का लाभ मिलने की जानकारी ली। मंत्री ने महिलाओं से पूछा कि क्या उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा आसानी से मिल रही है, टिकट अथवा यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही और रोडवेज कर्मियों द्वारा सरकार के निर्देशों का सही तरीके से पालन किया जा रहा है या नहीं।मंत्री ने महिला यात्रियों से योजना को लेकर उनकी राय भी जानी और व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने रोडवेज की व्यवस्थाओं को भी करीब से देखा और यह समझने का प्रयास किया कि सरकार द्वारा शुरू की गई सुविधा का वास्तविक लाभ यात्रियों तक किस तरह पहुंच रहा है। मंत्री का आम यात्री बनकर बस में सफर करना सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने की उनकी पहल के रूप में देखा जा रहा है। बिना किसी औपचारिक निरीक्षण के सीधे यात्रियों से बातचीत कर उन्होंने व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर जानने का प्रयास किया।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment