रामादेवी सर्विसलेन पर धंसी सड़क, कच्ची साइड से सड़क के अंदर जा रहा था बरसात का पानी
कानपुर नगर, रामादेवी सर्विसलेन पर शुक्रवार दोपहर सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। लगभग 5 मीटर लंबाई और 4 फीट गहराई तक सड़क धंसने से राहगीर व स्थानीय लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहम गए। सन्तोषजनक बात यह रही कि कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।दुर्घटना के उपरांत स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए धंसे हुए गड्ढे के आसपास पेड़-पौधे लगाकर रास्ते को घेर दिया ताकि कोई वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त न हो। यह मार्ग रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले बिजली विभाग ने 33 किलोवाट की लाइन बिछाने के लिए यहां लगभग 6 फीट गहरा गड्ढा खोदा था। काम पूरा होने के बाद गड्ढे को सही तरीके से नहीं भरा गया। इसके बाद हुई लगातार बारिश का पानी फ्लाई-ओवर के नीचे जमा होकर इसी स्थान पर पहुंचता रहा। पानी के दबाव और मिट्टी के कटाव से सड़क अंदर से खोखली हो गई और शुक्रवार को अचानक धंस गई।जाजमऊ क्षेत्र में सड़क धंसने का यह पहला मामला नहीं है। वीआईपी रोड स्थित सरैया चौराहे पर पहले से ही लगभग 18 फीट गहरा और 5 मीटर चौड़ा गड्ढा बना हुआ है, जिसकी मरम्मत का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों में प्रशासन की इस अनदेखी को लेकर भारी नाराजगी है। निवासियों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल प्रभाव से सड़क की मरम्मत कराने और सभी गड्ढों को सुरक्षित तरीके से भरने की मांग की है।






Total Users : 1210756
Total views : 5517201