लखीमपुर खीरी। जिले के युवा पत्रकार एवं ETV Bharat के जिला संवाददाता विनीत कुमार गुप्ता को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए समाचार4मीडिया के प्रतिष्ठित ’40 अंडर 40 अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। समारोह में देशभर के मीडिया जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। देशभर के हजारों पत्रकारों के बीच चयनित 40 वर्ष से कम आयु के केवल 40 पत्रकारों को यह सम्मान दिया जाता है। चयन जूरी पैनल द्वारा पत्रकारों की रिपोर्टिंग, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर प्रभाव, पेशेवर कार्यशैली और साक्षात्कार के आधार पर किया जाता है। वर्तमान में ETV Bharat में जिला संवाददाता के रूप में कार्यरत विनीत कुमार गुप्ता ने लखीमपुर खीरी से कई ऐसी जमीनी रिपोर्टें कीं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। इनमें यूपी के 40 गांवों के 4112 ग्रामीणों पर दर्ज वन विभाग के मुकदमे, रात में पुलिस गश्त का रियलिटी चेक, ग्रंट नंबर-12 गांव पर मंडराता अस्तित्व का संकट, धौरहरा का आंगनबाड़ी केंद्र बना प्रदेश के लिए मिसाल, धौरहरा की हाट बाजार की बदहाली और मोतीपुर गौशाला से महिलाओं को मिला रोजगार जैसी प्रमुख खबरें शामिल हैं। इनमें 40 गांवों के 4112 ग्रामीणों पर दर्ज वन विभाग के मुकदमों से जुड़ी खोजी रिपोर्ट को सबसे अधिक सराहना मिली। इस रिपोर्ट के लिए ETV Bharat ने भी उन्हें प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया था। सम्मान प्राप्त करने के बाद विनीत कुमार गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि लखीमपुर खीरी की जनता के विश्वास, ETV Bharat की पूरी टीम, संपादकों, माता-पिता, परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें जनहित, निष्पक्षता और तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। आगे भी वे समाज से जुड़े मुद्दों को पूरी ईमानदारी और निर्भीकता से उठाते रहेंगे। उन्होंने समाचार4मीडिया, जूरी पैनल और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले के पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे लखीमपुर खीरी के लिए गौरव का क्षण बताया।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928