सरयू की गहराई में समाया 11वीं का छात्र: कटरा घाट पर नहाते वक्त डूबा निशांत,मचा हड़कंप, 4 दोस्तों के साथ आया था बाइक से

SHARE:

ताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी, मामा के घर रहकर पढ़ता था किशोर

मोतीगंज गोण्डा। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत कटरा घाट स्थित सरयू नदी में बुधवार की शाम नहाते समय एक किशोर डूब गया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। देर शाम तक पुलिस और राजस्व विभाग की टीम गोताखोरों के साथ नदी में तलाश करती रही, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चला। किशोर की पहचान निशांत तिवारी 16 वर्ष पुत्र अंजनी तिवारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि निशांत मूल रूप से कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के रेरुआ बालपुर का रहने वाला था और झेलिया बालपुर गांव में अपने मामा के यहां रहकर कक्षा 11 की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार को वह गांव के ही चार दोस्तों शुभम जायसवाल, अमर पाण्डेय, अभय दूबे और उत्तम के साथ बाइक से कटरा घाट नहाने पहुंचा था। 

दोस्तों के मुताबिक नहाते समय निशांत अचानक गहरे पानी की तरफ बढ़ गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथियों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अभिषेक दावाच्या, प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप राय, राजस्व निरीक्षक राम बहादुर पाण्डेय और लेखपाल विकास सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों को नदी में उतारकर तलाश शुरू कराई गई। उधर खबर लगते ही परिजन घाट पर पहुंच गए। बेटे के डूबने की खबर से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल था। खबर लिखे जाने तक किशोर का पता नहीं चल सका था।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment