सहारा जीवन 
गौरीगंज/अमेठी। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के कोटेदारों का लाभांश बढ़ाने तथा न्यूनतम मासिक आय की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि उत्तर प्रदेश में कोटेदारों को मात्र 90 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिल रहा है, जबकि अन्य राज्यों की तुलना में यह काफी कम है। ऐसे में कोटेदारों के लिए परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है।
एसोसिएशन ने मांगों के समर्थन में 28 मार्च को लखनऊ के चारबाग से विधानसभा तक विशाल मार्च निकालने का निर्णय लिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा लाभांश वृद्धि एवं न्यूनतम आय गारंटी पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के लगभग 80 हजार कोटेदार अगस्त 2026 से राशन वितरण कार्य का बहिष्कार करेंगे। ऐसी स्थिति में आमजन को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी शासन एवं खाद्य एवं रसद विभाग की होगी।
इस संबंध में आयोजित बैठक में जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कोटेदार वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।बैठक में जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, जिला महासचिव कृष्णकांत तिवारी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष चंद्र तिवारी, प्रताप नारायण सिंह, राजकुमार सिंह, महेंद्र पांडेय, निसार अहमद, मनोज कुमार गुप्ता, रवींद्र शुक्ला, राहुल सिंह, रामदुलार यादव एवं इरफान अहमद सहित बड़ी संख्या में कोटेदार उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से कोटेदारों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928