
अमेठी, जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय, गौरीगंज परिसर से किया गया। अभियान के तहत 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा शाहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. प्रदीप तिवारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. उपाध्याय, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गौरीगंज डॉ. राजीव सौरभ, जिला मलेरिया अधिकारी लाल साहेब सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद गौरीगंज, पंचायती राज विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए उपयोग की जाने वाली फॉगिंग मशीन तथा एंटी-लार्वा मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम, जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छता को बढ़ावा देना है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित कुल 11 विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर बुखार एवं आईएलआई (इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी) के मरीजों की पहचान, क्षय रोग के संभावित मरीजों की सूची तैयार करने, मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों का विनष्टीकरण तथा वेक्टर सर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे तथा दिव्यांगजनों की सूची तैयार कर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर निकायों द्वारा शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई, लार्वानाशी दवाओं का छिड़काव, कूड़े का समुचित निस्तारण एवं नियमित फॉगिंग कराई जाएगी। वहीं कृषि विभाग जलभराव की समस्या के समाधान पर कार्य करेगा तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग स्वच्छ पेयजल, हैंडपंपों एवं प्लेटफार्मों की मरम्मत, नालियों की सफाई एवं पर्यावरणीय स्वच्छता सुनिश्चित करेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर उन्हें आवश्यक पोषाहार उपलब्ध कराएगा तथा जरूरत पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्रों में उपचार की व्यवस्था भी करेगा।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करें, ताकि अमेठी को संचारी रोगों से सुरक्षित बनाया जा सके।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928