सहारा जीवन न्यूज़
नई दिल्ली/अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य पक्षकार एवं अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर वर्तमान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर नई ट्रस्ट समिति के गठन की मांग की है।
स्वामी चक्रपाणि महाराज ने अपने पत्र में कहा है कि हाल के विवादों एवं मंदिर परिसर से जुड़े कथित घटनाक्रमों के चलते श्रद्धालुओं में चिंता और असंतोष का वातावरण बना है। ऐसे में वर्तमान ट्रस्ट का पुनर्गठन कर जूना अखाड़ा के पूज्य श्रीमहंत हरि गिरि जी महाराज की अध्यक्षता में नई ट्रस्ट समिति गठित की जाए। उनका कहना है कि हरि गिरि जी के नेतृत्व में गठित समिति अधिक पारदर्शी, सर्वमान्य और संत समाज की भावनाओं के अनुरूप कार्य करेगी।
उन्होंने मांग की कि नई समिति में तेरहों अखाड़ों के प्रतिनिधियों, श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ संतों, आंदोलन के प्रमुख कार्यकर्ताओं, श्रीराम जन्मभूमि प्रकरण के प्रमुख पक्षकारों तथा हिंदू पक्ष की ओर से पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं को भी शामिल किया जाए, ताकि सभी पक्षों की सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
स्वामी चक्रपाणि महाराज ने कहा कि नई समिति के गठन से करोड़ों रामभक्तों और संत समाज की भावनाओं का सम्मान होगा तथा श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े सभी पक्षों का विश्वास और सहभागिता मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि इस विषय पर शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा भी की जाएगी।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928