सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पहुंचे अमेठी, मृतक बुजुर्ग के परिजनों से की मुलाकात

SHARE:

 

तीन दिन पहले जमीनी विवाद में हुई थी हत्या, अखिलेश यादव के निर्देश पर दी एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता

अमेठी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल शनिवार को अमेठी पहुंचे, जहां उन्होंने अमेठी कोतवाली क्षेत्र के दलशाहपुर गांव जाकर जमीनी विवाद में मारे गए बुजुर्ग रामफली पाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मृतक के परिवार का दुख साझा किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक के पुत्र सुनील पाल, उनकी पत्नी, घायल बहू, बच्चों और अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। परिजनों ने उन्हें पूरी घटना से अवगत कराया और न्याय की मांग की। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गौरतलब है कि बीते बुधवार की रात दलशाहपुर गांव निवासी रामफली पाल और उनके परिवार पर जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में रामफली पाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में एम्स रायबरेली में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे।प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि दलशाहपुर की घटना इसका ताजा उदाहरण है। सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है और भविष्य में भी पार्टी परिवार के साथ खड़ी रहेगी।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राम उदित यादव, जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा, राम सिंह यादव, संग्राम सिंह, मनीराम वर्मा, अरशद अहमद एडवोकेट, चौधरी संदीप यादव, शुभम पाल, विकास पाल, चंद्रकांत पाल, मुकेश विश्वकर्मा, मुजीब अहमद, सोनू अंसारी, अजय पासी, शिव प्रताप यादव, गुंजन सिंह, रामप्रसाद, चंद्रशेखर यादव, अजय तिवारी समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment