अमेठी : नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा अमेठी कस्बे के भीतर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण अभियान अब स्थानीय स्तर पर बड़े विवाद का विषय बनता जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि वर्षों से दुकानदारों और मकान मालिकों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़क बेहद संकरी हो गई है, जिससे आए दिन जाम, दुर्घटनाएं और यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। वहीं दूसरी ओर स्थानीय व्यापारी और प्रभावित परिवार इस कार्रवाई को अपने अस्तित्व और रोज़गार पर सीधा हमला मान रहे हैं। हालांकि नेशनल हाईवे केंद्र सरकार के अधीन काम करता है फिर स्थानीय प्रशासन अपना सुझाव तो दे ही सकता है।
जानकारी के अनुसार अमेठी कस्बे की मुख्य सड़क पर बड़ी संख्या में दुकानों, मकानों और अस्थायी निर्माणों ने सड़क की चौड़ाई को काफी कम कर दिया है। भारी वाहनों के आवागमन और बढ़ती आबादी के चलते सड़क पर लगातार दबाव बढ़ा है। इसी को देखते हुए नेशनल हाईवे विभाग ने सड़क चौड़ीकरण की योजना पर तेजी से काम शुरू किया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लगभग एक हजार मकान और दुकानें इस कार्रवाई की जद में आ रही हैं।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से न केवल जाम की समस्या कम होगी बल्कि भविष्य में अमेठी के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और आपातकालीन सेवाओं को भी गति मिलेगी। अधिकारियों के मुताबिक कई बार एनाउंसमेंट कराए जा चुके हैं और लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील भी की जा चुकी है।
हालांकि स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का पक्ष इससे अलग है। प्रभावित लोगों का कहना है कि कई निर्माण दशकों पुराने हैं और अधिकांश लोगों की आजीविका इन्हीं दुकानों पर निर्भर है। व्यापारियों का आरोप है कि बिना समुचित पुनर्वास योजना और पर्याप्त मुआवजे के कार्रवाई करना अन्यायपूर्ण होगा। उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर छोटे व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों को उजाड़ा जा रहा है।
कई व्यापारिक संगठनों और स्थानीय नागरिक मंचों ने इस प्रस्तावित कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया है। विरोध कर रहे लोगों की मांग है कि पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, वैकल्पिक दुकान व्यवस्था और उचित मुआवजे की स्पष्ट नीति घोषित की जाए। उनका यह भी कहना है कि प्रशासन को एकतरफा कार्रवाई के बजाय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करना चाहिए।
विशेषज्ञों की मानें तो अमेठी जैसे तेजी से विकसित हो रहे कस्बों में सड़क चौड़ीकरण समय की आवश्यकता है, लेकिन विकास योजनाओं में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक संतुलन को भी समान महत्व देना जरूरी है। यदि प्रशासन और प्रभावित पक्षों के बीच समन्वय नहीं बनता है तो आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक तथा सामाजिक रूप ले सकता है।
फिलहाल अमेठी में विकास और विस्थापन के बीच संतुलन तलाशने की चुनौती प्रशासन के सामने सबसे बड़ी परीक्षा बन गई है।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928