प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न

SHARE:

अमेठी। पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, दैनिक सहारा जीवन एवं दैनिक अमेठी आईना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी), विकास भवन गौरीगंज, अमेठी में बड़े ही गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य विकास अधिकारी सुश्री पूजा साहू (आईएएस) सहित प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, रायबरेली, अयोध्या एवं लखनऊ से आए बड़ी संख्या में पत्रकार बंधुओं ने सहभागिता की।

 

कार्यक्रम के दौरान जिले के पत्रकारों में विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में संतोष श्रीवास्तव, रमन पांडेय एवं बी.पी. सिंह द्वारा मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

 

मुख्य विकास अधिकारी सुश्री पूजा साहू ने अपने संबोधन में पत्रकारिता को 24 घंटे सक्रिय रहने वाला दायित्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसी जानकारियां, जो प्रशासन को अन्य माध्यमों से बाद में मिलती हैं, वे सबसे पहले पत्रकारों के माध्यम से प्राप्त हो जाती हैं। उन्होंने पत्रकारों की सजगता और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी की सराहना की।

 

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए “NEWS” शब्द का अर्थ नॉर्थ, ईस्ट, वेस्ट और साउथ बताते हुए कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य हर दिशा की सही एवं निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सदैव सत्य एवं तथ्यात्मक खबरें ही प्रसारित करनी चाहिए। जल्दबाजी में बिना पुष्टि के समाचार प्रसारित होने से कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

 

 

जिलाधिकारी संजय चौहान ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए धर्मराज युधिष्ठिर को उस समय का सबसे बड़ा पत्रकार बताया, जो सदैव सत्य बोलने और निष्पक्षता के प्रतीक माने जाते हैं।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने की। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों को सम्मानित किया गया तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचलन डा रमेश सिंह ने किया

Ashok Srivastav
Author: Ashok Srivastav

Leave a Comment