सहारा जीवन न्यूज 
ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने उठाया बिजली संकट का मुद्दा
जर्जर लाइन, लो वोल्टेज और कटौती से परेशान ग्रामीणों ने सीडीओ से लगाई गुहार
घंटों गायब रहती है बिजली, चौपाल में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से परेशान लोगों ने सीडीओ से की शिकायत
अमेठी। ग्राम पंचायत हुसैनपुर में सीडीओ पूजा साहू की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने सबसे प्रमुखता से क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था का मुद्दा उठाया।चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, पेंशन, राशन कार्ड और राजस्व संबंधी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
समाज सेवी महेश दुबे सहित अन्य ग्रामीणों ने सीडीओ पूजा साहू से क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था की शिकायत की। उन्होंने कहा कि गांवों में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। दिन और रात में घंटों बिजली गायब रहती है, जबकि लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामूली बारिश और हवा चलते ही आपूर्ति ठप हो जाती है। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वहीं मवैया रहमतगढ़ निवासी संजय कौशल ने बीसी सखी चयन प्रक्रिया के इंटरव्यू को समय से पहले समाप्त किए जाने का आरोप लगाते हुए पुनः इंटरव्यू कराने की मांग की।
सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।ग्राम प्रधान सतीश मिश्रा ने ग्राम चौपाल में आने वाले सभी अतिथियों अधिकारियों कर्मचारियों संभ्रांत जनों व ग्राम वासियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित कर आभार जताया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत हुसैनपुर के ग्राम प्रधान व प्रधान संघ ब्लाक अध्यक्ष सतीश मिश्रा, ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी पंचायत अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार,खण्ड शिक्षाधिकारी शैलेन्द्र शुक्ला ,एडीओ समाज कल्याण सुनील कुमार,प्रधान प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह,प्रधान रमन तिवारी,ग्राम पंचायत सचिव सूरज पटेल,नीरज कुमार,राकेश कुमार ,समाज सेवी महेश दुबे,सुशील मिश्रा सिप्पी,मथुरा प्रसाद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी व ग्राम वासी ,क्षेत्रीयजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।







Total Users : 1210549
Total views : 5516928