PWD का कारनामा: 5 मीटर सड़क को बना दिया 3 मीटर, अब हर दिन जाम!”

SHARE:

 

अमेठी में विकास के नाम पर एक ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे। जहां पहले 5 मीटर चौड़ी सड़क पर दो चार पहिया वाहन आसानी से निकल जाते थे, वहीं अब उसी सड़क को 3 मीटर की सीसी रोड में बदल दिया गया है। नतीजा—हर रोज जाम, खतरा और लोगों की परेशानी।

ये तस्वीरें अमेठी नगर पंचायत क्षेत्र की हैं जहां जीजीआईसी तिराहे से आंबेडकर पार्क और एसडीएम कॉलोनी से अंतू रोड तक जाने वाली सड़क को PWD ने नया रूप दिया है लेकिन ये नया रूप लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। पहले 5 मीटर चौड़ी सड़क थी अब इसे घटाकर PWD द्वारा सिर्फ 3 मीटर कर दिया गया है। स्थिति ये है कि अब एक चार पहिया वाहन के सामने ई-रिक्शा आ जाए तो जाम लगना तय है। दोनों को एक-दूसरे को रास्ता देने के लिए पीछे हटना पड़ता है।

यही नहीं, सड़क को करीब एक फीट ऊंचा बना दिया गया है, जबकि दोनों तरफ फुटपाथ एक-एक फीट नीचे छोड़ दिए गए हैं।न मिट्टी डाली गई, न खड़ंजा लगाया गया, यानि जरा सी चूक और सीधा हादसा। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है।

ठेकेदार ने काम कराया, अधिकारियों ने जांच की और सड़क पास भी हो गई। हैरानी की बात ये है कि इसी रास्ते से नगर पंचायत अध्यक्ष, एसडीएम, सीओ और कई जनप्रतिनिधि रोज गुजरते हैं…लेकिन किसी की नजर इस खतरनाक खामी पर नहीं पड़ रही। इस सड़क पर शायद किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार PWD अमेठी कर रहा होगा वरना सड़क बनने के साथ साथ फुटपाथ भी बन जाता।

Ashok Srivastav
Author: Ashok Srivastav

Leave a Comment