रियलिटी चेक ll होली के बाद भी सुस्त मिला विभाग, नदारद रहे अधिकारी-कर्मचारी

SHARE:

Ashok Srivastava Amethi ll 

अमेठी। जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो जाने के बाद भी कुछ सरकारी कार्यालयों की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे विधिक माप विज्ञान विभाग की प्रयोगशाला अमेठी पहुंचे संवाददाता को वहां का नजारा चौंकाने वाला मिला। जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। 10 बजकर 50 मिनट पर केवल एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के अलावा कोई भी कर्मचारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिला। जब उससे कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों के बारे में जानकारी मांगी गई तो उसने कुछ भी बताने से साफ इंकार कर दिया। यहां तक कि उसने अपना नाम बताने से भी मना कर दिया। मौजूद कर्मचारी ने सिर्फ इतना कहा कि इस मामले में बाट-माप निरीक्षक सुधीर कुमार ही कोई जानकारी दे सकते हैं। इसके बाद निरीक्षक का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर कोई भी जवाब देने से मना कर दिया। उनका कहना था कि दोपहर दो बजे के बाद कार्यालय में आकर आमने-सामने बैठकर ही जानकारी दी जाएगी।

गौरतलब है कि विधिक माप विज्ञान विभाग का मुख्य कार्य बाजारों में दुकानों पर इस्तेमाल होने वाले बाट, तराजू और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों की जांच और सत्यापन करना होता है, ताकि उपभोक्ताओं को सही तौल मिल सके और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। यह विभाग पेट्रोल पंपों, किराना दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी माप-तौल की शुद्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाता है। त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी अधिक होती है, ऐसे में विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि कहीं भी कम तौल या गलत माप की शिकायत न हो। ऐसे समय में विभागीय प्रयोगशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों का अनुपस्थित मिलना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि इस मामले में संबंधित अधिकारी क्या स्पष्टीकरण देते हैं और विभागीय स्तर पर क्या कार्यवाही होती है।

 

Ashok Srivastav
Author: Ashok Srivastav

Leave a Comment