तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद सौरभ सिंह का यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

SHARE:

सहारा जीवन न्यूज

अमेठी। दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद अमेठी आगमन पर यूथ कांग्रेस के साथी सौरभ सिंह का यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पहले गौरीगंज में पदयात्रा निकाली। इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए जिला अध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में मार्च करते हुए कार्यालय तक पहुंचे और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया।
मार्च समाप्त होने के बाद यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर सौरभ सिंह का जोरदार स्वागत किया और उन्हें सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचाया। वहां जिला अध्यक्ष शुभम सिंह ने सौरभ सिंह के परिवार के सदस्यों से यूथ कांग्रेस के साथियों का परिचय कराया और संगठन की ओर से उनका सम्मान करते हुए हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि यूथ कांग्रेस का कार्यकर्ता न कभी डरने वाला है और न ही झुकने वाला है। हम सभी साथी किसानों, युवाओं और नौजवानों के अधिकारों की लड़ाई के लिए सदैव संघर्ष के रास्ते पर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सौरभ सिंह हमारे यूथ कांग्रेस परिवार के मजबूत साथी हैं और उन्होंने कोई गलत कार्य नहीं किया है। पूरा अमेठी यूथ कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ा है और हर परिस्थिति में अपने साथियों के सम्मान और न्याय की लड़ाई लड़ता रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि अमेठी की यूथ कांग्रेस हमेशा जनता के हक और अधिकारों की आवाज बुलंद करती रही है और आगे भी करती रहेगी। किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और नौजवानों के भविष्य के लिए हम हर मोर्चे पर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं। किसी भी प्रकार की तानाशाही और अन्याय के सामने यूथ कांग्रेस झुकने वाली नहीं है।
जिला अध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि अमेठी की यूथ कांग्रेस सदैव राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ी है। हम उनके नेतृत्व में प्रेम, भाईचारे और जनहित की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी द्वारा देश में चलाए जा रहे मोहब्बत और सच्चाई के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता करेंगे और अमेठी के किसानों, युवाओं और नौजवानों के हक की लड़ाई को और मजबूत बनाएंगे।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस लोहा सिंह, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश प्रताप सिंह, गौरीगंज विधानसभा अध्यक्ष विकास बारी, अमन सिंह, सोशल मीडिया से अखिलेश सिंह, सिद्धार्थ शुक्ला, रविंद्र सिंह, राकेश सिंह सहित अन्य साथी उपस्थित रहे। साथ ही एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सुमित तिवारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

Sahara Jeevan
Author: Sahara Jeevan

Leave a Comment