अमेठी: अमर मैरिज लॉन में हो रही शादी में 1 लाख की छिनौती का खुलासा, 3 छात्र लुटेरे गिरफ्तार | बाइक और 47,400 बरामद

SHARE:

अशोक श्रीवास्तव अमेठी ll अमेठी में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात के दौरान दूल्हे के पिता के हाथ से 1 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर लुटेरे फरार हो गए। लेकिन अब पुलिस ने इस सनसनीखेज छिनौती का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र का है। 19 फरवरी को बीआरओ ऑफिस के पास स्थित अमर मैरिज लॉन में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव से बारात आई थी। जलपान के बाद बारात डीजे की धुन पर आगे बढ़ रही थी। तभी एक अज्ञात युवक भी बारात में शामिल हो गया।
कुछ ही देर बाद उस युवक ने दूल्हे के पिता के हाथ में पकड़े नोटों से भरा बैग झपट लिया और सड़क किनारे पहले से स्टार्ट खड़ी बाइक पर बैठकर अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। दूल्हे के पिता ने पीछा भी किया, लेकिन तब तक लुटेरे बाइक से भाग चुके थे। इस वारदात से शादी का माहौल फीका पड़ गया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शादी समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची और घटना में प्रयुक्त बाइक सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी एक ही बाइक से शादी समारोह में पहुंचे थे। दो आरोपी बाहर बाइक स्टार्ट कर खड़े थे, जबकि एक अंदर जाकर मौका तलाश रहा था। जैसे ही उसे बैग दिखा, उसने धक्का देकर बैग छीना और भाग निकला।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47,400 रुपये नकद, छीना गया बैग, पीड़ित का आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। बाकी रकम आरोपियों ने खर्च कर दी थी।
चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी स्थानीय इंटर कॉलेज के छात्र हैं, जो गलत संगत में पड़कर अपराध की राह पर चल पड़े। फिलहाल पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों को जेल भेज दिया है।

Ashok Srivastav
Author: Ashok Srivastav

Leave a Comment